
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : फार्मास्युटिकल एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चीफ फार्मासिस्ट एवं उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रिका ‘ग्लोबल जर्नल ऑफ फार्मास्युटिकल एंड साइंटिफिक रिसर्च’ (GJPSR) के संपादकीय बोर्ड (Editorial Board) का सदस्य नियुक्त किया गया है. श्रीमती विद्यादेवी एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रकाशित होने वाले इस जर्नल ने उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और वैज्ञानिक प्रतिबद्धता को देखते हुए यह ज़िम्मेदारी सौंपी है. उनकी यह नियुक्ति 02 अक्टूबर 2026 से 02 अक्टूबर 2027 तक के वार्षिक सत्र के लिए की गई है.
गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशन के लिए जताई प्रतिबद्धता
इस वैश्विक उपलब्धि पर सुनील कुमार यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए पत्रिका प्रबंधन तथा विशेष रूप से एडिटर-इन-चीफ डॉ. विमल कुमार के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया. संपादकीय बोर्ड के सदस्य के रूप में वे शोध पत्रों की समीक्षा, संपादकीय गुणवत्ता और जर्नल के वैज्ञानिक मानकों को उच्च स्तर पर बनाए रखने में अपनी विधिक भूमिका निभाएंगे. उल्लेखनीय है कि वे फार्मास्युटिकल साइंस के कुछ अन्य जर्नल्स से भी जुड़े हैं. उनके नाम 4 पुस्तकें प्रकाशित हैं, जिनमें बेसिक लाइफ़ सपोर्ट पर आधारित उनकी पुस्तक ‘साथी हाथ बढ़ाना’ इस समय चिकित्सा जगत में अत्यधिक चर्चा में है.

यह पत्रिका फार्मास्युटिकल, मेडिकल, बायोकेमिस्ट्री और बायोटेक सहित विभिन्न विषयों में बहुआयामी और ओपन-एक्सेस शोध को बढ़ावा देती है. देश-विदेश के शोधार्थी अपने शोध प्रपत्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.gjpsr.com अथवा ईमेल editorgjpsr@gmail.com पर समीक्षा हेतु प्रेषित कर सकते हैं.
