
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे पर गुरुवार 30.07.2026 को पीसीसीएम स्कवाड द्वारा टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों और अनाधिकृत श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्यवाही कर जुर्माना वसूल किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन अनुसार पीसीसीएम स्कवाड/उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 12395, राजेंद्र नगर पटना-अजमेर एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान पैंट्री कार में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्री को पकड़कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई तथा जुर्माना वसूल किया गया। पैंट्री कार में अनाधिकृत रूप से यात्रा करवाने पर पैंट्री कार मैनेजर पर भी करवाई की जा रही है।
रेलवे द्वारा नियमित टिकट चेकिंग तथा अभियान चलाए जाते हैं ताकि बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाया जा सके तथा अधिकृत रेल यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचाया जा सके ताकि उनका सफ़र सुगम हो ।
रेल यात्रियों से निवेदन है कि हमेशा उचित टिकट लेकर यात्रा करें एवं निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें।
