अखिलेश यादव से लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह की अहम मुलाकात, 2027 चुनाव को लेकर सकारात्मक चर्चा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित लोहिया ट्रस्ट में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद लोकदल अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच विचार-विमर्श हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात महज एक औपचारिक राजनीतिक बैठक नहीं थी, बल्कि बेहद आत्मीय और पारिवारिक माहौल में हुई।

सुनील सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश के भविष्य और जनहित के सवालों को केंद्र में रखते हुए समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच संवाद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आज हुई बातचीत को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए। आने वाले समय में इस दिशा में संवाद और चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने किसी संभावित राजनीतिक गठबंधन या सीटों के बंटवारे को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की।

लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी राजनीतिक रणनीति किसानों, युवाओं, मजदूरों तथा आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए तैयार की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज हो सकती हैं।

अखिलेश यादव और सुनील सिंह की इस मुलाकात को उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button