
सूर्योदय समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने और नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना राजधानी के ईको गार्डन में लगातार जारी है। आंदोलन के 68वें दिन शनिवार को दीपावली के अवसर पर भी सैकड़ों अभ्यर्थी धरना स्थल पर डटे रहे। अभ्यर्थियों ने इस बार त्योहार धरना स्थल पर ही मनाने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को धनतेरस के दिन भी अभ्यर्थियों ने ईको गार्डन के बाहर फव्वारे के पास एकत्र होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। शनिवार को दीपावली पर भी उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। उनका कहना है कि जब तक आरक्षण संबंधी विसंगतियों का समाधान और संशोधित परिणाम जारी नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को नियमानुसार आरक्षण का लाभ देते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप परिणाम संशोधित किया जाए। इसके अलावा दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ देकर नियुक्ति प्रदान की जाए।
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह एवं आशुतोष वर्मा ने कहा कि पिछले 68 दिनों से सैकड़ों अभ्यर्थी अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। त्योहार पर परिवार से दूर धरना देने की मजबूरी उनके लिए पीड़ादायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार से आयोगों की संस्तुतियों एवं आरक्षण नियमों के अनुरूप प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की।
धरने में नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, नसीम फरीदी, घनश्याम, मनोज, उत्कर्ष, अमित, ऋषिता पाल, अनुराग पाल एवं अनस सहित अनेक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
