
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशव्यापी 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया [19-09-2026]। इस पावन अवसर पर केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित इस मेले का लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विशेष कार्यक्रम हुआ, जहाँ 209 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

आयकर विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन स्थल पर 40 अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि देश की सेवा और राष्ट्र निर्माण का एक स्वर्णिम अवसर है।

केंद्रीय मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से मार्च 2026 तक 39 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया है। चयनित युवा आयकर विभाग, डाक विभाग, उच्च शिक्षा, ईपीएफओ (EPFO) और ईएसआईसी (ESIC) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।