
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 01 से 07 नवम्बर 2026 तक ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ मनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेंद्र सिंह के नेतृत्व में अभियान के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रिड्यूस वेस्ट’ अर्थात कचरे का उत्पादन कम करने के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में ऐशबाग जंक्शन पर यात्रियों, रेलकर्मियों, सफाई मित्रों एवं खानपान विक्रेताओं को अनावश्यक वस्तुओं के उपयोग से बचने, संसाधनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने तथा कचरे को न्यूनतम रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने, पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को प्राथमिकता देने तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में 3R सिद्धांत यानी रिड्यूस (कचरे में कमी), रीयूज (पुनः उपयोग) एवं रीसायकल (पुनर्चक्रण) की उपयोगिता समझाई गई। लोगों से खरीदारी के दौरान अनावश्यक पैकेजिंग से बचने, कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने तथा सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई।

इसके अतिरिक्त ऐशबाग, लखनऊ जंक्शन, मैलानी, बस्ती, बादशाहनगर, सीतापुर, खलीलाबाद, गोण्डा एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशनों पर संविदा सफाई कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकाली। बैनर, पोस्टर, यात्री उद्घोषणा प्रणाली एवं पम्पलेट के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया।
इस अवसर पर खानपान विक्रेताओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक के विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, गोरखपुर स्टेशन पर संविदा श्रमिकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कचरे एवं प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति यात्रियों को जागरूक किया।

मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं रेलकर्मियों से अपील की कि वे अनावश्यक कचरा उत्पन्न करने से बचें और स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल रेल परिसर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।