
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के संरक्षण तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी एम.एस. हाशमी के निर्देशन में शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को हिंदी साहित्य के महान साहित्यकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर मुख्यालय स्थित सांस्कृतिक अकादमी के नाट्य कलाकारों द्वारा प्रेमचंद जी की कालजयी कहानी ‘ईदगाह’ का प्रभावी वाचन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उप मुख्य राजभाषा अधिकारी विवेक कुमार गुप्ता द्वारा मुंशी प्रेमचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित हिंदी प्रेमियों ने प्रेमचंद जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व तथा उनके साहित्यिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों द्वारा प्रेमचंद जी के जीवन एवं साहित्य पर आधारित कविताओं का भी प्रभावशाली पाठ किया गया।
अपने संबोधन में उप मुख्य राजभाषा अधिकारी विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद जी की कहानियाँ, उपन्यास और अन्य साहित्यिक कृतियाँ मानवीय मूल्यों एवं नैतिक शिक्षाओं से परिपूर्ण हैं। उनका साहित्य समाज को संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीयता का संदेश देता है तथा जीवन की विषम परिस्थितियों में सही मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है।
