
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में वर्तमान में हो रही अत्यधिक मूसलाधार वर्षा के बीच रेल परिचालन को पूरी तरह सुचारू, सुरक्षित और समयबद्ध बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे का लखनऊ मण्डल हाई अलर्ट पर है। मंडल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के कुशल निर्देशन में मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, बड़े रेल यार्डों एवं संवेदनशील ब्लॉक सेक्शनों में इंजीनियरिंग, सिग्नल, विद्युत और परिचालन विभाग के रेलकर्मी निरंतर सजगता के साथ युद्धस्तर पर अनुरक्षण कार्य में जुटे हुए हैं।

संभावित जल-भराव वाले निचले क्षेत्रों में विशेष मॉनसून पेट्रोलिंग टीमों को चौबीस घंटे मुस्तैदी के साथ तैनात किया गया है तथा त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त हाई-पावर पम्पों की व्यवस्था की गई है।

पटरियों की सुरक्षा के लिए मिट्टी के कटाव को रोकने हेतु बड़े पैमाने पर बोल्डर पैकिंग की जा रही है, ड्रेनेज (नालियों) की सफाई और सिग्नल फेलियर (सिग्नल प्रणाली में खराबी) की तत्काल मरम्मत का कार्य रात-दिन सक्रियता से हो रहा है। रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के समयपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विषम मौसम में भी निर्बाध रेल सेवा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
