बीबीएयू में भू-जल सप्ताह पर ‘आने वाली पीढ़ियों हेतु सुरक्षित जल : एक सामूहिक जिम्मेदारी’ पर हुआ व्याख्यान का आयोजन

अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरुवार 16 जुलाई को मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग, बीबीएयू एवं राज्य संग्रहालय, लखनऊ, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में ‘आने वाली पीढ़ियों हेतु सुरक्षित जल: एक सामूहिक जिम्मेदारी’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की।

मुख्य अतिथि एवं वक्ता के तौर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के अपर निदेशक डॉ. ए.के. गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर राज्य संग्रहालय, लखनऊ के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह एवं गृह विज्ञान विद्यापीठ की संकायाध्यक्ष प्रो. यूवी किरण मौजूद रहीं।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जल संकट केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के सामने एक गंभीर चुनौती के रूप में उभर रहा है। बढ़ती जनसंख्या, अनियंत्रित भू-जल दोहन तथा जल स्रोतों के प्रदूषण के कारण जल संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हम सभी का नैतिक दायित्व है कि जल का विवेकपूर्ण सदुपयोग करें तथा वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण और जल संरक्षण से जुड़े प्रयासों को जन-आंदोलन का स्वरूप दें। प्रो. मित्तल ने हरित क्रांति को नई गति प्रदान करने तथा नदियों के पुनर्जीवन (रिवर रीजुवेनेशन) की दिशा में सामूहिक रूप से कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित किए बिना देश में दीर्घकालिक खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करना संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और भावी पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने हेतु सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं वक्ता तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के अपर निदेशक डॉ. ए.के. गुप्ता ने कहा कि विश्व में पेयजल के उपलब्ध स्रोत लगातार घटते जा रहे हैं, जिससे जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसीलिए वैज्ञानिक तकनीकों के साथ-साथ पारंपरिक एवं स्थानीय जल संरक्षण विधियों को अपनाकर वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित नमामि गंगे तथा अन्य जल संरक्षण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शुगर मिलों, थर्मल पावर प्लांटों तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट के कारण जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं, इसीलिए रेगुलेटरी अथॉरिटीज़ को इस दिशा में और अधिक प्रभावी एवं सख्त निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जितना जल प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त करते हैं, उतना ही जल बचाने एवं उसके पुनर्भरण का प्रयास करना हमारा नैतिक दायित्व है। साथ ही उन्होंने मिशन लाइफ (LiFE) अभियान पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

राज्य संग्रहालय, लखनऊ के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि भारत के प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं में जल संरक्षण और जल संचयन को सदैव अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल तकनीकी या प्रशासनिक विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने प्राचीन सिंधु घाटी सभ्यता के धोलावीरा नगर का उदाहरण देते हुए बताया कि गुजरात के कच्छ जिले में स्थित यह ऐतिहासिक नगर अपनी उन्नत वर्षा जल संचयन प्रणाली एवं उत्कृष्ट जल प्रबंधन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है, जो आज भी सतत जल संरक्षण का प्रेरणादायी मॉडल प्रस्तुत करता है। डॉ. सिंह ने बताया कि हमारे पूर्वजों द्वारा अपनाई गई पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियाँ आज भी प्रासंगिक हैं और उनसे सीख लेकर आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के साथ समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने सभी से जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने हेतु सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।   

इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य संग्रहालय द्वारा जल संरक्षण एवं जल संस्कृति से संबंधित प्रमुख कलाकृतियों एवं प्रदर्श सामग्रियों की एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में इस पहल की सराहना की।

अंत में आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही राज्य संग्रहालय, लखनऊ की असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. अल शाज़ फातमी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

मंच संचालन का कार्य डॉ. मोनिका शर्मा द्वारा किया गया। समस्त कार्यक्रम के दौरान प्रो. सुनीता मिश्रा, प्रो. शालिनी अग्रवाल, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button