
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बीकानेर : उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शुक्रवार को बीकानेर मंडल के बीकानेर, देशनोक एवं लालगढ़ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों, संरक्षा व्यवस्थाओं, यार्ड रीमॉडलिंग, हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि तथा यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। लालगढ़ स्टेशन को बीकानेर के एक सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने बीकानेर से देशनोक स्टेशन तक ट्रैक का फुट प्लेट निरीक्षण किया। देशनोक स्टेशन पहुंचकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग विंडो, आधुनिक प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, स्टेशन कक्ष, आईपीएस रूम, स्टेशन यार्ड तथा दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
शर्मा ने स्टेशन पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद बीकानेर स्टेशन पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों से सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा।

महाप्रबंधक ने यार्ड रीमॉडलिंग और हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी तथा भविष्य की यात्री एवं परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने मंडल में चल रहे विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधक जोधपुर एवं बीकानेर सहित रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहे।