‘कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1’ के असिस्टेंट डायरेक्टर श्रीकांत पुप्पाला, प्रेरणा अरोड़ा संग करेंगे पहली फिल्म

सूर्योदय भारत समाचार सेवा : कांतारा : ए लीजेंड – चैप्टर 1 और गोपाला गोपाला जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके श्रीकांत पुप्पाला अब बतौर निर्देशक अपनी पहली फीचर फिल्म बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म के लिए उन्होंने मशहूर निर्माता प्रेरणा अरोड़ा के साथ हाथ मिलाया है। प्रेरणा अरोड़ा इससे पहले पैड मैन, रुस्तम, परमाणु: द स्टोरी ऑफ पोखरण और जटाधारा जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुकी हैं।

अपने इस नए सफर को लेकर उत्साहित श्रीकांत कहते हैं, “हर फिल्ममेकर का सपना होता है कि जिस कहानी पर उसे पूरा भरोसा हो, उसे निर्देशित करने का मौका मिले। आज मैं उसी मुकाम पर हूं। ‘एक दिन मैं फिल्म डायरेक्ट करना चाहता हूं’ से लेकर ‘मैं एक फिल्म डायरेक्ट कर रहा हूं’ तक का यह सपना अब सच हो गया है।”

वह आगे कहते हैं, “यह मौका मुझे कई सालों की मेहनत के बाद मिला है। इस दौरान मैंने कहानियों पर चर्चा की, कई बार स्क्रिप्ट को दोबारा लिखा, लंबे समय तक फिल्म के सेट पर काम किया, सफलता और चुनौतियों दोनों का सामना किया और उन फिल्मकारों से बहुत कुछ सीखा, जिनकी मैं हमेशा से इज्जत और प्रशंसा करता हूं।”

श्रीकांत ज़ी स्टूडियोज, प्रेरणा अरोड़ा और किरण अब्बावरम का धन्यवाद करते हुए कहते हैं, “उन्होंने मेरी सोच और मेरे विज़न पर भरोसा किया और मुझे इस कहानी को अपनी तरह से पेश करने का मौका दिया। उनके इस विश्वास ने मुझे अपने सफर में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। मैं उनका दिल से आभारी हूं, बहुत उत्साहित हूं और इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझता हूं। मैं दर्शकों के लिए ऐसी फिल्म बनाना चाहता हूं जो ईमानदार हो, भरपूर मनोरंजन करे और उन सभी के विश्वास पर खरी उतरे जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया है।”

Related Articles

Back to top button