
सूर्योदय भारत समावचार सेवा, जम्मू : यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेल राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा शनिवार 18 जूलाई को जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक विशेष फोर्ट्रेस चेक अभियान चलाया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर नकेल कसना था। इस अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी व स्काउट एंड गाइड्स के भी सदस्य उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्लेटफार्मों, फुटओवर ब्रिज एवं ट्रेनों में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों की गहन जांच की गई।
इस अभियान के दौरान कुल 32 बिना टिकट वाले यात्री मामले पकड़े गए और नियमानुसार 23,630 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की चेतावनी भी दी गई।
इस प्रकार के अभियान से रेलवे को कई प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होते हैं। पहला, वैध टिकट वाले यात्रियों को सीट एवं अन्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो पाती हैं और भीड़भाड़ में कमी आती है। दूसरा, रेलवे के राजस्व में वृद्धि होती है जिसका उपयोग यात्री सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किया जाता है। तीसरा, बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगने से ट्रेनों में अनुशासन बना रहता है और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती है।
इस अभियान के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि, “जम्मू मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। फोर्ट्रेस चेक का मुख्य उद्देश्य राजस्व संरक्षण के साथ-साथ वैध यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना है। जम्मू मंडल यात्रियों से अपील करते हैं कि वे काउंटर या UTS ऐप से टिकट लेकर ही यात्रा करें। बिना टिकट यात्रा न केवल दंडनीय है, बल्कि इससे अन्य यात्रियों को भी असुविधा होती है।”
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी जम्मू मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में इस प्रकार के औचक जांच अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।