
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ/अयोध्या : रामनगरी अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को इस बार पहली बार आकाशवाणी अयोध्या केंद्र से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सजीव प्रसारित किया जाएगा। इसके लिए केंद्र की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। 20 कमेंट्रेटर एवं तकनीकी सदस्यों की टीम गठित की गई है, जो विभिन्न प्रमुख स्थलों से दीपोत्सव की भव्यता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक छटा का आंखों देखा हाल श्रोताओं तक पहुंचाएगी।
आकाशवाणी अयोध्या के कंटेंट हेड एवं सहायक निदेशक आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि सात नवंबर को शाम 6:30 बजे से दीपोत्सव का सजीव प्रसारण शुरू होगा, जो कार्यक्रम के समापन तक जारी रहेगा। टीम के सदस्य राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट, राम मंदिर और रामकथा पार्क सहित प्रमुख स्थलों पर तैनात रहेंगे।
इस प्रसारण के माध्यम से देश-विदेश के श्रोता WAVES OTT App, NewsOnAir App तथा आकाशवाणी की आधिकारिक लाइव स्ट्रीमिंग सेवा पर दीपोत्सव का आनंद ले सकेंगे।
बुधवार को प्रसारण का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान कमेंट्रेटरों ने दीपों से सजे घाटों का जीवंत वर्णन किया तथा स्वयंसेवकों, घाट समन्वयकों और उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनके अनुभव एवं संस्मरण भी साझा किए।
उल्लेखनीय है कि सितंबर में सूर्यकुंड मेले तथा अक्टूबर में रामलीला और दुर्गापूजा का भी आकाशवाणी अयोध्या केंद्र से सजीव प्रसारण किया गया था।

आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाना है। आकाशवाणी परंपरागत रेडियो की विश्वसनीयता को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़कर नई पहचान स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है।