
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने और मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 नवंबर को जम्मू रेलवे स्टेशन पर भारत सेवाश्रम संघ की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद प्रवासी मजदूरों, श्रमिकों एवं कुलियों को कंबल वितरित किए गए।
भारत सेवाश्रम संघ के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों को कंबल प्रदान करने के साथ उनका हालचाल भी जाना। इस मानवीय पहल से लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कंबल प्राप्त करने वाले लोगों ने संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भारत सेवाश्रम संघ के इस सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय कार्यों से जरूरतमंद लोगों को राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन ऐसे सेवा कार्यों का सदैव स्वागत करता है।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग का संदेश दिया गया। लाभार्थियों ने ठंड के मौसम में राहत पहुंचाने के लिए भारत सेवाश्रम संघ एवं रेलवे प्रशासन के प्रति आभार जताया।
