
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में यात्रियों एवं रेल परिवार को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल स्रोतों एवं वितरण प्रणाली की सघन विधिक जांच का विशेष अभियान चलाया गया. यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आर.जे. चौधुरी के सीधे नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया.

चिकित्सा विभाग के विधिक आंकड़ों के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत मंडल भर में 577 अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण (Residual Chlorine Tests) किए गए. इसके साथ ही, जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए 52 जल नमूनों का बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण तथा 02 नमूनों का विस्तृत रासायनिक विश्लेषण राज्य सरकार की प्रयोगशाला में कराया गया.

मंडल के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा निर्धारित सैंपलिंग प्रोटोकॉल के तहत रेलवे स्टेशनों, रेल कॉलोनियों और प्रशासनिक कार्यालयों के वितरण बिंदुओं से ये नमूने एकत्र किए गए थे. इस दौरान पानी की टंकियों, वाटर कूलरों, आरओ (RO) सिस्टम और पाइपलाइनों का गहन डिसइंफेक्शन व प्रिवेंटिव मेंटेनेंस भी किया गया. जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों और कर्मचारियों की सेहत सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया गया है.
