रेलवे बोर्ड के प्रमुख कार्यकारी निदेशक (सतर्कता) राजेन्द्र सोनी की अध्यक्षता में विभागीय कार्य-निष्पादन समीक्षा बैठक सम्पन्न

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल सतर्कता विभाग के तत्वावधान में गुरुवार 09 एवं शुक्रवार 10 जुलाई, 2026 को मुख्यालय, जबलपुर में दो दिवसीय ‘सतर्कता प्रदर्शन समीक्षा बैठक’ (Vigilance Performance Review Meeting) का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के प्रमुख कार्यकारी निदेशक (सतर्कता) राजेन्द्र कुमार सोनी ने की। बैठक में रेलवे बोर्ड के सतर्कता निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे सहित विभिन्न रेलवे इकाइयों के सतर्कता कार्यों एवं प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के शुभारंभ अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय रेल जैसी विशाल संस्था में सतर्कता अनियमितताओं की रोकथाम माध्यम के साथ-साथ सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह ईमानदारी, निष्पक्षता तथा नियमबद्ध कार्यप्रणाली को अपने दैनिक कार्यों का अभिन्न अंग बनाए। महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की समीक्षा बैठकें सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा संगठनात्मक सुधार को नई दिशा प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल नीरज कुमार ने कहा कि सतर्कता विभाग का उद्देश्य अनियमितताओं की पहचान एवं उनकी रोकथाम के उपाय करना तथा विभिन्न विभागों में ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करना है जिससे पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं दक्षता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से सतर्कता जागरूकता को कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

दो दिवसीय समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख कार्यकारी निदेशक (सतर्कता) राजेन्द्र कुमार सोनी ने रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की। इसमें नियमित निरीक्षण एवं जांच प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने, कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सभी कार्यों का नियमानुसार निष्पादन, संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी तथा प्रणालीगत सुधार (Systemic Improvements) एवं सुधारात्मक उपायों को प्राथमिकता देने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में विभिन्न रेलवे इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उनकी टीमों ने सहभागिता की, जिनमें मुख्य सतर्कता अधिकारी, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियर) सौरभ कुमार, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर) मनोज कुमार महावर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ट्रैफिक) धनराज सिंह जाटव एवं सहायक सतर्कता अधिकारी (एकाउंट्स) अजय श्रीवास्तव तथा सहायक सतर्कता अधिकारी (सिग्नल एवं दूरसंचार) अमरदीप खरे सहित सतर्कता विभाग के निरीक्षकों एवं कर्मचारियों ने बैठक के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

बैठक का सफल संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ए एंड पी) अनिल कुमार तिवारी द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button