
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ – वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार मंडलीय अधिकारियों के साथ भटनी–सीवान रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवान, जीरादेई एवं मैरवा स्टेशनों सहित विभिन्न रेल परिसरों का निरीक्षण कर संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने सीवान रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था, परिचालन प्रबंधन, रेलवे परिसंपत्तियों के अनुरक्षण तथा स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की।

इसके उपरांत उन्होंने जीरादेई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। जीरादेई यार्ड में स्थित 205-बी प्वाइंट एवं क्रॉसिंग का तकनीकी निरीक्षण करते हुए अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक तकनीकी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाना चाहिए।

संरक्षा निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सीवान–जीरादेई रेलखंड के मध्य स्थित समपार संख्या 94/ए-सी तथा सीवान यार्ड के समपार संख्या 91 स्पेशल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संचार व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों, सेफ्टी टूल्स, बूम लॉकिंग प्रणाली तथा गेटमैन की कार्यप्रणाली का परीक्षण करते हुए सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जैन ने सीवान रेलवे कॉलोनी का भ्रमण कर रेल कर्मचारियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कॉलोनी में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, हरित वातावरण विकसित करने तथा बच्चों के लिए पार्क विकसित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने सीवान रेलवे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

अपने निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने मैरवा स्टेशन यार्ड स्थित निर्माणाधीन गुड्स शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता एवं व्यापारिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
