
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ/नई दिल्ली : उत्तर रेलवे की ओर से पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए एक नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान-5 आयोजित किया जाएगा। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलने वाले इस अभियान के तहत उत्तर रेलवे के सभी मंडलों और विभिन्न कारखानों में शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की सुविधा के माध्यम से रेलवे पेंशनभोगी बिना पेंशन कार्यालय जाए देश में कहीं से भी और किसी भी समय अपना जीवन प्रमाणपत्र तैयार कर सकते हैं।
उत्तर रेलवे के अनुसार, पेंशनभोगी फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल कर किसी भी एंड्रॉइड या आईओएस डिवाइस के जरिए डिजिटल रूप से अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इस सुविधा से उन्हें बैंकों में जाने और प्रमाणपत्र जमा करने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही, डिजिटल प्रक्रिया से समय की बचत होगी और पेंशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करना आसान होगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि पिछले दो वित्तीय वर्षों में आयोजित डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र शिविरों के उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को डिजिटल सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उत्तर रेलवे ने सभी रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा करना सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी करने से संभावित असुविधा से बचा जा सकता है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार रेलवे प्रशासन का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से पेंशन सेवाओं को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाना तथा वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत प्रदान करना है।
— ,
