
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / जबलपुर / जयपुर : महाराष्ट्र में रेल क्षमता बढ़ाने और संचालन को सुगम बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। मध्य रेलवे के पनवेल-चौक-कर्जत मार्ग पर स्थित महत्वपूर्ण चौक-कर्जत रेलवे खंड (10.86 किलोमीटर) के दोहरीकरण परियोजना को ₹497 करोड़ की अनुमानित लागत से मंजूरी दे दी गई है। यह स्वीकृति रेलवे नेटवर्क की क्षमता विस्तार नीति के तहत दी गई है।
चौक-कर्जत खंड यात्री और माल ढुलाई दोनों के लिए बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण गलियारा माना जाता है। वर्तमान में यह एक एकल-लाइन (सिंगल लाइन) खंड है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इस लाइन के दोहरीकरण (डबलिंग) से ट्रैक की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार होगा।
परियोजना के सफल समापन के बाद, इस खंड पर प्रतिदिन दोनों दिशाओं में पाँच अतिरिक्त यात्री ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। इसके अतिरिक्त, इस रूट से प्रति वर्ष 18.35 मिलियन टन (MTPA) अतिरिक्त माल ढुलाई यातायात की उम्मीद है, जिससे मालगाड़ियों के होने वाले विलंब में भारी कमी आएगी। यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी।

सांकेतिक ; चौक-कर्जत खंड विकास परियोजना