मंडल चिकित्सालय में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता सेमिनार आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 01 से 07 नवंबर 2026 तक ‘मिशन लाइफ’ पहल के अंतर्गत ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 07 नवंबर को मंडल चिकित्सालय, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी में ‘बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन : स्वच्छ अस्पताल, स्वच्छ समाज’ विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने सहभागिता की।

सेमिनार में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दूबे ने जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित प्रबंधन एवं वैज्ञानिक निस्तारण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में उत्पन्न होने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट को निर्धारित रंगों के अनुसार अलग-अलग करना, उसका सुरक्षित संग्रहण तथा नियमानुसार निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। इससे अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ संक्रमण के प्रसार को भी रोका जा सकता है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित चिकित्सालय के निर्माण में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित पृथक्करण, सुरक्षित प्रबंधन और वैज्ञानिक निस्तारण के साथ चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त बनाए रखने की शपथ ली।

इस अवसर पर डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. आर.आर. सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. मोनिका शुक्ला सहित मंडल चिकित्सालय के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button