वाराणसी रेल मंडल के वरिष्ठ टिकट निरीक्षक अतुलदीप ने नेशनल हॉकी में जीता स्वर्ण पदक, डीआरएम जैन ने किया सम्मानित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन पर वाणिज्य विभाग में कार्यरत वरिष्ठ टिकट निरीक्षक एवं होनहार हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप ने देश स्तर पर मंडल का नाम रोशन किया है। हैदराबाद में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर डिपार्टमेंटल नेशनल चैंपियनशिप-2026 में भारतीय रेलवे हॉकी पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अतुलदीप ने मिडफील्डर के रूप में शानदार खेल दिखाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस गौरवपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने कार्यालय में अतुलदीप का गर्मजोशी से स्वागत व उत्साहवर्धन किया। डीआरएम ने बधाई देते हुए कहा कि अतुलदीप का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे वाराणसी मंडल एवं पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गर्व का विषय है, जो अन्य रेलकर्मियों व खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी बालेंद्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं मंडल क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह ने भी अतुलदीप को बधाई दी। जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि देशभर की 20 टीमों वाली इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे की टीम ने इंडियन पुलिस को 4-1 से करारी शिकस्त देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।

Related Articles

Back to top button