हरित रेलवे की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे की पहल, अक्टूबर में 17.68 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए रेलवे में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के साथ विद्युत कर्षण से रेल संचालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, अक्टूबर 2026 में रेलवे के विभिन्न सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 17.68 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इसके अलावा 298.25 किलोवाट पीक क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र भी सफलतापूर्वक चालू किया गया है।

रेल संचालन में विद्युत कर्षण के उपयोग में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे की कुल 303 जोड़ी यात्री रेलसेवाओं में से 248 जोड़ी ट्रेनें इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से संचालित की जा रही हैं। यह कुल यात्री रेलसेवाओं का 81.85 प्रतिशत है।

माल परिवहन में भी बिजली से चलने वाले इंजनों का उपयोग बढ़ा है। अक्टूबर 2026 तक रेलवे के कुल माल परिवहन का 68.1 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के माध्यम से संचालित किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने, विद्युत इंजनों के अधिकाधिक उपयोग और उनके नियमित अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से ऊर्जा की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण के अनुकूल रेल संचालन को प्रोत्साहन मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button