उप्र सरकार ने बढ़ाया ग्राम प्रधानों का सम्मान – मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, रायबरेली : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में छह माह की वृद्धि किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए गुरुवार रायबरेली जनपद के सभी विकास खण्डों के प्रधानों ने प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के पंचवटी स्थित सेवालय पर पहुंचकर आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर दिनेश प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों के योगदान का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और उनके अनुभव तथा नेतृत्व का लाभ प्रदेश के गांवों को निरंतर मिलता रहे, इस उद्देश्य से लिया गया यह निर्णय दूरदर्शी एवं जनहितकारी है।

उद्यान ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास को गति देने तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है। ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में वृद्धि से विकास योजनाओं की निरंतरता बनी रहेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्राम प्रधान गांवों के विकास तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष बछरावाँ अरुण चौधरी, प्रधान संघ अध्यक्ष हरचन्दपुर रामचन्द्र पासवान, प्रधान संघ अध्यक्ष लालगंज राजेश सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष सलोन राम कुमार जायसवाल, प्रधान संघ अध्यक्ष डीह फूलचन्द्र अग्रहरि, प्रधान संघ अध्यक्ष सरेनी मनोज सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष महराजगंज अरुण सिंह सहित जनपद के सभी विकास खण्डों के सम्मानित प्रधानगण, ब्लॉक प्रमुखगण एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button