
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ‘तरंग फेस्ट’ के दूसरे दिन शनिवार को कानपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के इंडिया लिटरेसी बोर्ड परिसर में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की बाल देखरेख संस्थाओं से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निदेशक महिला कल्याण श्रीमती सी. इन्दुमती ने किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। कानपुर की एक बालिका ने अपने लेखन और प्रकाशित पुस्तक के बारे में बताया, जबकि आफ्टर केयर होम लखनऊ के एक बालक ने ला मार्टिनियर कॉलेज में अध्ययन तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियां साझा कीं। वाराणसी के बाल गृह के दो बच्चों ने अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में प्रतिभाग करने का अनुभव बताया।

इस दौरान बच्चों ने पुलिस, चिकित्सा, वायु सेना और पायलट बनने की अपनी इच्छाएं भी साझा कीं। कार्यक्रम में खेलकूद, संगीत, नृत्य, नाटक, रंगोली, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके विजेताओं को 30 नवंबर को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा बाल देखरेख संस्थाओं के बीच सर्वश्रेष्ठ संस्था, सर्वश्रेष्ठ गार्डन, सर्वश्रेष्ठ कुक और सर्वश्रेष्ठ सफाईकर्मी श्रेणियों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

फेस्ट के तीसरे दिन रविवार, 29 नवंबर को बच्चों को लखनऊ चिड़ियाघर और आंचलिक विज्ञान केंद्र का शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। शाम को बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष मैजिक शो भी आयोजित होगा।

