
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : आगामी कोहरे के मौसम में रेलगाड़ियों का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जोनल रेलवे और मंडलों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रेलवे बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में कम दृश्यता के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को नियमित ट्रैक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और पेट्रोलमैन को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लोको पायलटों की सुविधा के लिए फॉग सेफ्टी डिवाइस की उपलब्धता एवं स्थापना पर जोर दिया गया।
सिग्नल और रेलवे क्रॉसिंग पर दृश्यता बढ़ाने के लिए चूने के निशान, सिग्मा बोर्ड, चमकदार पट्टियों तथा ट्रेनों के अंतिम डिब्बों पर टेल लैंप और ‘एक्स’ निशान की स्पष्टता सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी साइनबोर्ड और इंडिकेशन बोर्ड के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रेलवे कर्मचारियों को कोहरे के दौरान सुरक्षा प्रक्रियाओं, उपकरणों की खराबी और संशोधित स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के संबंध में प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को नियमित रात्रिकालीन एवं फुटप्लेट निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त ट्रेनों में आग एवं धुआं पहचानने वाले सिस्टम, विशेषकर पैंट्री कार में लगे उपकरणों की कार्यक्षमता की निगरानी तथा कोहरे के कारण होने वाली देरी से निपटने के लिए अतिरिक्त रेक (स्क्रैच रेक) की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल महाप्रबंधकों और मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करें। भारतीय रेलवे का उद्देश्य कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा के साथ रेल परिचालन को विश्वसनीय, सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखना है।
