
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह स्थल नहीं, बल्कि ज्ञान, शोध, चिंतन और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। इसी भावना को साकार कर रहा है बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ का गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह (14 से 20 नवंबर) के अवसर पर यह पुस्तकालय अध्ययन एवं शोध की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है। यहां सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।
जनवरी 1998 में स्थापित यह पुस्तकालय लगभग 7,917 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैला है। यहां 73 हजार से अधिक पुस्तकें और 13,226 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाएं उपलब्ध हैं। पुस्तकालय में प्रतिदिन औसतन 336 विद्यार्थी अध्ययन करते हैं, जबकि परीक्षाओं के दौरान यह संख्या 1,000 से 1,200 तक पहुंच जाती है। वर्ष 2025-26 में 86,487 विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा 3,41,644 पुस्तक एवं संदर्भ सामग्री के उपयोग का रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

आधुनिक तकनीक के समावेश ने पुस्तकालय की उपयोगिता को और बढ़ाया है। यहां आरएफआईडी, स्मार्ट पहचान पत्र, स्वचालित पुस्तक निर्गमन एवं वापसी, ईमेल अलर्ट, ऑनलाइन पब्लिक एक्सेस कैटलॉग (OPAC) और ILMS-KOHA जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। रिमोट एक्सेस के माध्यम से विद्यार्थी कहीं से भी डिजिटल अध्ययन संसाधनों का लाभ उठा सकते हैं।
शोध को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2015 से शोध प्रबंधों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब तक 825 शोध प्रबंध शोधगंगा पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित साहित्यिक चोरी की जांच की सुविधा शोध की मौलिकता सुनिश्चित करने में सहायक है।

पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया के अनुसार, राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करना तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं शोध संसाधनों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय पारंपरिक पुस्तकों और आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का बेहतर समन्वय प्रस्तुत कर रहा है। यह विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन, स्वतंत्र चिंतन और शोध की प्रवृत्ति विकसित करते हुए ज्ञान आधारित उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
