‘अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस’ पर समपार फाटक क्षेत्रों में संरक्षा जन जागरूकता अभियान चलाया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी डा0 शिल्पी कन्नौजिया के निर्देशन में मंगलवार ‘अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस’ के अवसर पर रेलवे समपारों पर होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जन-सामान्य को जागरूक करने के लिये मण्डल के विभिन्न स्टेशनों तथा मण्डल के रेल प्रखण्डों पर पड़ने वाले समपार फाटकों एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में संरक्षा जन जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर लखनऊ-मैलानी रेलखण्ड पर स्थित समपार संख्या 91/सी, 98/बी-2, 95/ए इंजीनियरिंग एवं 97/सी (ट्रैफिक) समपारों पर अपनाईं जाने वाली सावधानियों पर आधारित नुक्कड़ नाटक ’’सावधानी हटी-दुर्घटना घटी’’ का मंचन किया गया एवं जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को समपार फाटकों पर बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। वाहन चालकों, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर उन्हें फाटक पार करते समय आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसी क्रम में गोरखपुर-आनन्द नगर रेलखण्ड पर स्थित समपार सं0 01 स्पेशल, 29 स्पेशल, 30बी2 पर तथा आनन्द नगर-बढ़नी रेलखण्ड पर समपार सं0 87ए एवं 86 बी2, बिसवॉ स्थित 56 स्पेशल तथा गोण्डा स्थित 160ए व 03 स्पेशल समपारों पर अपनाईं जाने वाली सावधानियों पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया एवं जनजागरण अभियान चलाया गया।
रेल प्रशासन द्वारा आम जन मानस से अपील की जाती है कि ’’जीवन आपके समय से ज्यादा मूल्यवान है, समपारों को पार करने में सावधानी बरतें, समपारों के बन्द होने की स्थिति में उसके नीचे से न जाएँ, समपार खोलने के लिये गेटमैन पर अनुचित दबाव न बनायें, जब फाटक बंद हो रहा हो तब, बूम बैरियर से उचित दूरी बनाएँ रखें। आइये हम सब संकल्प लें कि हम अपने एवं अपने परिवारजनों की सुरक्षा के लिए रेलवे फाटक पार करते समय पूर्ण सावधानी बरतेंगे तथा ईयर फोन लगाकर समपार पार करने में जान जोखिम में नही डालेंगे।

लखनऊ मण्डल में सभी स्टेशनों पर यात्रीजनों एवं आम जनमानस तक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से संरक्षा जागरूकता संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा स्टेशन परिसरों में पोस्टर व स्टिकर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संरक्षा जागरूकता संदेश फैलाया जा रहा है।

संरक्षा पर्यवेक्षकों द्वारा मंडल के समपार फाटकों पर सड़क उपभोगकर्ताओं को रेलवे अधिनियम की धारा 146 एवं रेलवे एक्ट की धारा 160 की जानकारी दी गई तथा रेलवे समपारों पर सतर्कता अपनाने से संबंधित नियमों तथा विशेष रूप से ईयर फोन लगाकर समपार पार करने के खतरों के बारे में जागरूक भी किया गया। इस दौरान संरक्षा सलाहकारों द्वारा राहगीरों को संरक्षा से संबंधित पम्पलेटों का वितरण भी किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button