
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने ग्राहकों को सेवानिवृत्ति की आर्थिक सुरक्षा के साथ अगली पीढ़ी के लिए वित्तीय विरासत तैयार करने का विकल्प देने के उद्देश्य से ‘आईसीआईसीआई लाइफ सिग्नेचर पेंशन’ प्लान पेश किया है। यह उत्पाद बाजार से जुड़े रिटर्न के माध्यम से दीर्घकालिक संपत्ति सृजन और सेवानिवृत्ति के बाद नियमित आय की योजना बनाने में मदद करता है।
इस योजना के तहत ग्राहक 90 वर्ष की उम्र तक निवेश बनाए रखने का विकल्प चुन सकते हैं। इससे 40 वर्ष की उम्र में भी निवेश शुरू कर लंबे समय तक चक्रवृद्धि का लाभ उठाने की सुविधा मिलती है। इसमें इक्विटी बाजार में 100 प्रतिशत तक निवेश और विभिन्न फंड विकल्पों का चयन किया जा सकता है।
आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य उत्पाद अधिकारी विकास गुप्ता ने कहा कि सेवानिवृत्ति और विरासत की योजना एक-दूसरे से जुड़ी हैं। इस उत्पाद को दोनों जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सेवानिवृत्ति के समय कुल फंड का 60 प्रतिशत तक हिस्सा नियमानुसार कर-मुक्त निकाला जा सकता है, जबकि शेष राशि से एन्युटी खरीदकर नियमित आय प्राप्त करने का विकल्प है।
पॉलिसी में मृत्यु लाभ के तहत कुल जमा प्रीमियम का 105 प्रतिशत या फंड वैल्यू, जो भी अधिक हो, नामित व्यक्ति को दिया जाता है। संयुक्त जीवन विकल्प में मुख्य पॉलिसीधारक की मृत्यु पर भविष्य के प्रीमियम माफ हो जाते हैं और दूसरे पॉलिसीधारक के लिए पॉलिसी जारी रहती है।
इस योजना में प्रीमियम भुगतान और पॉलिसी अवधि के कई विकल्प उपलब्ध हैं। ग्राहक एक से अधिक नॉमिनी चुनकर प्रत्येक के लिए मिलने वाले लाभ का हिस्सा भी निर्धारित कर सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, यह योजना उन लोगों के लिए तैयार की गई है, जो बाजार आधारित निवेश के जरिए लंबी अवधि में पूंजी बनाना चाहते हैं और परिवार के भविष्य के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं। हालांकि, बाजार से जुड़े रिटर्न निश्चित या गारंटीड नहीं होते।
