
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : स्टार प्लस के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ नजर आएंगे। एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित यह रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा मानव और जानकी की कहानी पर आधारित है। दोनों की शादी को 20 साल हो चुके हैं, लेकिन जिंदगी और रिश्तों को लेकर उनकी सोच अलग-अलग है।
जानकी अपने रिश्ते और साथ बिताए पलों में ही खुशियां तलाशती है। उसका मानना है कि जो है, वही काफी है। वहीं मानव के मन में कई अधूरी ख्वाहिशें और जिंदगी को लेकर कुछ शिकायतें बाकी हैं। शो में इसी भावनात्मक अंतर के बीच रिश्तों की जटिलताओं को दिखाया जाएगा।
इस शो के साथ जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी है। श्रद्धा आर्या ने बताया कि करीब 13 साल पहले उन्होंने और गौरव खन्ना ने एक दूसरे चैनल के प्रोजेक्ट के लिए मॉक शूट किया था, लेकिन उस समय दोनों की जोड़ी नहीं बन पाई थी। उस प्रोजेक्ट में श्रद्धा की जोड़ी किसी अन्य अभिनेता के साथ तय हुई थी।
पुराने अनुभव को याद करते हुए श्रद्धा ने कहा कि जब दोनों ‘दिल की बेवफाइयाँ’ के लिए मिले, तब उन्हें अपने पुराने मॉक शूट की याद भी नहीं थी। किसी अन्य व्यक्ति ने उन्हें इस बात की याद दिलाई, जिसके बाद दोनों को पुराना किस्सा याद आया।
गौरव के साथ काम करने को लेकर श्रद्धा ने कहा कि हर चीज अपने सही समय पर होती है। शायद किस्मत में इसी कहानी के लिए साथ आना लिखा था। उन्होंने दर्शकों और प्रशंसकों के उत्साह पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी नई जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रसारण 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस पर होगा। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।
