
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : माँ मंदाकिनी के अविरल एवं निर्मल प्रवाह, सीवेज प्रबंधन, पारिस्थितिक पुनर्स्थापन और सरयू नदी के पुनरुद्धार के साथ बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीनदयाल शोध संस्थान (डीआरआई) ने 17-18 नवंबर को आरोग्यधाम सभागार में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें आईआईटी दिल्ली, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन ने की। समापन सत्र में उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि मंदाकिनी चित्रकूट की जीवनरेखा है। वे शीघ्र चित्रकूट आकर इसके पुनरुद्धार के लिए आवश्यक सहयोग पर संवाद करेंगे।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि सरयू नदी के पुनरुद्धार और बाढ़ की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने नदी के जलस्तर की प्रत्येक छह घंटे में निगरानी और पूर्वानुमान की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया, ताकि संभावित बाढ़ से पहले प्रभावित क्षेत्रों को सचेत किया जा सके। मध्य प्रदेश में निर्माणाधीन बांधों और जल संरचनाओं की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा।
आईआईटी दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर ए.के. गोसाईं ने जल सुरक्षा आकलन, जीआईएस आधारित मॉडलिंग और वैज्ञानिक सर्वेक्षण की आवश्यकता बताई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ए.के. विद्यार्थी ने विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां और समयसीमा निर्धारित कर परियोजना शुरू करने के सुझाव दिए।

विशेषज्ञों ने नदी में मिलने वाले नालों, प्रदूषण स्रोतों, ठोस कचरे, प्लास्टिक प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। झूरी नाला सहित प्रमुख जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए कृत्रिम आर्द्रभूमि और भूजल पुनर्भरण संरचनाओं जैसे प्रकृति आधारित उपायों पर चर्चा हुई।

डॉ. फैयाज अहमद खुदसर ने कैचमेंट ट्रीटमेंट और जैव विविधता संरक्षण पर विचार रखे। डॉ. राकेश सिंह ने भूजल प्रदूषण रोकने के लिए अपशिष्ट जल का उपचार अनिवार्य बताया। डीआरआई के अभय महाजन ने विशेषज्ञों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर धरातल पर क्रियान्वयन किया जाएगा।

