
अशोक यादव, लखनऊ : कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बुधवार 29.04.2026 को मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा की उपस्थिति में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्थापित ‘अन्नपूर्णा स्टाफ कैंटीन’ का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भटनागर तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्रीमती संगीत सागर एवं कार्यालय अधीक्षक/स्थापना, श्रीमती आशा चड्ढा द्वारा विधिवत रूप से कैंटीन का शुभारंभ किया गया, जो न केवल कर्मचारी सहभागिता बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सराहनीय पहल है।

‘अन्नपूर्णा स्टाफ कैंटीन’ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही स्वच्छ, पौष्टिक एवं किफायती दरों पर चाय, नाश्ता एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े और उनका समय एवं ऊर्जा दोनों की बचत हो सके। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि के साथ-साथ कार्यस्थल सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।

उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, फ्रेट गौरव दीक्षित एवं स्टेशन निदेशक, लखनऊ प्रशांत कुमार सहित मण्डल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में कार्यालय के कर्मचारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह कैंटीन कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे उन्हें बेहतर कार्य-परिस्थितियां मिलेंगी और वे अधिक दक्षता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
