
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन में सतर्कता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में अक्टूबर 2026 के दौरान उत्कृष्ट संरक्षा कार्य करने वाले सात रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। सोमवार, 16 नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अरुण कुमार दोहरे उपस्थित रहे।
डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि रेल परिचालन के दौरान छोटी से छोटी असामान्य स्थिति पर ध्यान देना और समय रहते उचित कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। कर्मचारियों की सजगता और तत्परता से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सम्मानित रेलकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अक्टूबर माह में उत्कृष्ट संरक्षा कार्य के लिए सम्मानित होने वालों में प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, पॉइंट्समैन, उन्नाव; मोहम्मद मोहसिन, पॉइंट्समैन, अयोध्या धाम जंक्शन; शिव कुमार, गाड़ी प्रबंधक; अजीत प्रताप सिंह, स्टेशन मास्टर, जौनपुर सिटी; पंकज गौतम, पॉइंट्समैन, अकबरपुर; साकेत कुमार बिहारी, स्टेशन मास्टर, मेहरावां और धीरज कुमार, स्टेशन मास्टर, रूपामऊ शामिल हैं।
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान अपनी सूझबूझ और सतर्कता से रेलगाड़ियों में तकनीकी खामियों एवं असामान्य परिस्थितियों की समय रहते पहचान की और आवश्यक कार्रवाई की। इससे संभावित दुर्घटनाओं को टालने तथा रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिली।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक रेलकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है।