बारात से लौट रहे कार चालक पर स्कॉर्पियो सवार हमलावरों का हमला, धारदार हथियार से किया घायल

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चांदा/सुल्तानपुर : चांदा क्षेत्र में शनिवार रात करीब 11:30 बजे बारात छोड़कर घर लौट रहे अर्टिगा कार चालक पर सफेद स्कॉर्पियो सवार अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसकी नई कार के शीशे तोड़ने के साथ ही वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल एक प्रतिष्ठित अखबार के पत्रकार का भाई बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, लंभुआ थाना क्षेत्र के रूपी का पूरा रामगढ़ निवासी प्रमोद कुमार रजक पुत्र स्वर्गीय भगौती प्रसाद रजक ने पांच नवंबर को नई अर्टिगा कार खरीदी थी। शनिवार को वह इसी कार से चांदा से जौनपुर बारात लेकर गया था। बारात छोड़कर वापस घर लौटते समय नरहरपुर रेलवे क्रॉसिंग से करीब 100 मीटर पहले पुराने पटेल ढाबे के पास पीछे से आई सफेद स्कॉर्पियो ने उसकी कार में टक्कर मारकर रोक लिया।

आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने कार पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। चालक ने बाहर निकलकर भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके दाहिने हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

हमले की आवाज सुनकर ढाबे पर सो रहे लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घायल ने डायल 112, चांदा पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button