
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन की सुविधा को देखते हुए उत्तर रेलवे ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। विशेष रूप से देश के पूर्वी हिस्सों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 14 नवंबर 2026 को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से कुल 27 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार टर्मिनल से पांच, शकूरबस्ती से सात, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक विशेष ट्रेन शामिल है।वहीं, 15 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से 22 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की योजना बनाई गई है। इनमें नई दिल्ली से सात, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से दो, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ और मांग को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियों का भी संचालन किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, 13 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 26 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई थीं। इनमें नई दिल्ली से 11, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और रोहतक से एक-एक ट्रेन शामिल थी। इसके अलावा मांग बढ़ने पर रोहतक से एक अतिरिक्त अनिर्धारित ट्रेन भी चलाई गई।
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं में सहयोग करें। रेलवे का उद्देश्य पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।