
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चांदा/सुलतानपुर : स्थानीय क्षेत्र के बनभोकार गांव में मुख्य यजमान उत्तम कुमार शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी सुमन शुक्ला के आवास पर सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा में अयोध्या धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक पंडित नीरज पाण्डेय जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं।
कथा के दौरान पंडित नीरज पाण्डेय महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। इससे मन को शांति मिलती है और व्यक्ति धर्म, भक्ति एवं सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करता है। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा।

कथा के दौरान श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा जैसे भक्ति गीतों की मधुर संगीतमयी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के शुभारंभ से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग कथा पंडाल में पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
इस अवसर पर लम्भुआ विधायक सीताराम वर्मा के प्रतिनिधि एवं पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज वर्मा ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बृजलाल पाल, प्रधान प्रदीप यादव, जय प्रकाश शुक्ला, विजय प्रकाश शुक्ला, शुभीत शुक्ला, नागेश शुक्ला, धर्मराज यादव, शुभकान्त शुक्ला, पवन यादव, ओम प्रकाश शुक्ला, विनोद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
