
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मेरठ/लखनऊ : भारतीय सेना की सूर्या कमान के तत्वावधान में मुख्यालय पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से मेरठ के कालवंत सिंह स्टेडियम में भव्य पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 2,500 से 3,000 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और दिवंगत सैनिकों की विधवाओं ने भाग लिया। रैली का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें उत्तर प्रदेश के वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलने वाली पुरस्कार राशि दोगुनी करना, पूर्व सैनिकों एवं वीर सैनिकों के परिवारों के घर के लिए स्टाम्प ड्यूटी माफी की सीमा बढ़ाना तथा शहीदों के आश्रितों को उनके गृह जिलों में रोजगार उपलब्ध कराने के उपाय करना शामिल है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सैन्य बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं सेना कमांडर ने कहा कि भारतीय सेना पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की सहायता एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।
रैली में वीर नारियों को उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सेना कमांडर ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

रैली में पेंशन, दस्तावेज, ईसीएचएस और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों ने सहायता और शिकायत निवारण काउंटर लगाए। अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री दिनेश खटीक, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, मेरठ सांसद अरुण गोविल सहित सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रैली ने सेना, प्रशासन और पूर्व सैनिक समुदाय के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ ‘एक बार सैनिक, हमेशा सैनिक’ की भावना को भी साकार किया।
