
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के विरोध और न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनवरत धरना-प्रदर्शन शनिवार को 75वें दिन भी जारी रहा। राजधानी के ईको गार्डन धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने एकत्र होकर प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन को तेज करते हुए शनिवार को दो अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर बैठ गए।
भूख हड़ताल शुरू करने वालों में सीतापुर के आशुतोष वर्मा और बस्ती के उत्कर्ष सिंह पटेल शामिल हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी उन्हें अपने परिवार से दूर धरना स्थल पर रहने को मजबूर होना पड़ा।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति के आदेशों एवं संस्तुतियों का पालन कराया जाए। अभ्यर्थियों के अनुसार, ओबीसी वर्ग के आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को दूर करते हुए 150 पूर्णांक में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर भर्ती परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शामिल तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग को उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर तत्काल न्याय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और नियुक्ति का रास्ता साफ नहीं होता, तब तक ईको गार्डन में आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में नवीन चौधरी, दीपक पटेल, रंजना जायसवाल, मनोज, अनस, इमरान, संतोष, सुमन, शशीधर और शिव शंकर सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।
