वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्रतियोगिताओं के विजेता रेलकर्मी सम्मानित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित वर्षव्यापी समारोह के समापन अवसर पर शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता रेलकर्मियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर लखनऊ मंडल में चार चरणों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रथम चरण में 07 से 14 नवंबर 2025 तक चारबाग रेलवे स्टेशन पर सामूहिक गायन कार्यक्रम हुआ। दूसरे चरण में 19 से 26 जनवरी 2026 तक निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीसरे चरण में 07 से 15 अगस्त 2026 तक सामूहिक परिचर्चा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम हुए।

वहीं, अंतिम चरण के अंतर्गत 01 से 07 नवंबर 2026 तक मंडल कार्यालय में ड्राइंग प्रतियोगिता तथा चारबाग रेलवे स्टेडियम में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों में रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलिमा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्रीय महत्व को स्मरण करते हुए रेलकर्मियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

Related Articles

Back to top button