श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में पूर्व छात्रा मिलन समारोह; सांसद सहरावत और डीडीए सदस्य बब्बर द्वारा 59 एलुमनाई सम्मानित

सतेन्द्र राठौर, नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला महाविद्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य पूर्व छात्रा मिलन समारोह (Alumni Meet) का आयोजन किया गया। कॉलेज के एसपीएमसी (डीयू) एलुमनी एसोसिएशन द्वारा ‘साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी’ के सहयोग से आयोजित इस गरिमामयी समागम में सैकड़ों की संख्या में पूर्व छात्राओं, प्राध्यापकों एवं गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया।

सांसद और विशिष्ट अतिथियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) नीलम गोयल ने सभी का स्वागत किया। समारोह की मुख्य अतिथि, पश्चिमी दिल्ली की माननीय सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत ने दिल्ली विश्वविद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन की सुनहरी स्मृतियों को साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के सदस्य राजीव बब्बर ने पूर्व छात्राओं को ईमानदारी, नैतिकता और जीवन-मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

59 विशिष्ट पूर्व छात्राएं हुईं सम्मानित
इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट मुकाम हासिल करने वाली 59 विशिष्ट पूर्व छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उपस्थित पूर्व छात्राओं को स्मृति स्वरूप पौधों का वितरण किया गया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने व समन्वय में डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. मंजू सिंह, डॉ. निधि सेठ, डॉ. मोनिका शिवहरे, डॉ. निकिता कुहर, डॉ. हिमांशी वर्मा तथा सुश्री गीता अर्नेजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच का कुशल संचालन प्रो. शिवानी जॉर्ज एवं सुश्री चेतना खुराना द्वारा किया गया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मंजू सिंह एवं सुश्री मानसी हुड्डा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और हाई-टी के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button