
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग में एक विशेष प्रार्थना सभा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना एवं विश्वविद्यालय के आधिकारिक कुलगीत के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों के समक्ष श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का व्यावहारिक भावार्थ प्रस्तुत किया गया और महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह की राष्ट्रभक्ति व उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया गया। सभा में छात्रा स्नेहा पटेल ने सुमधुर भजन की प्रस्तुति देकर आध्यात्मिक समां बांधा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. कपिल देव मिश्र ने की। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का उल्लेख करते हुए व्यक्ति, समूह, समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य-बोध तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को छात्र जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवन-मूल्यों को समझा। कार्यक्रम का सफल संचालन बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा साधना देवी द्वारा किया गया तथा इसका संयोजन संगीत अनुभाग ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

