
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में व्यापक स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अनुभव पाठक के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” थीम पर केंद्रित करते हुए मंडल के प्रमुख स्टेशनों के एप्रोच मार्गों, रेलवे यार्डों, पटरियों (ट्रैक) के किनारे और रेल कॉलोनियों में सघन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान रेल कर्मचारियों और सफ़ाई मित्रों ने श्रमदान कर पूरे रेल परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाया।

यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर भव्य जागरूकता रैलियां निकाली गईं। इसके साथ ही, स्टेशनों पर बैनरों, मेगाफ़ोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बड़े पैमाने पर “कूड़ा डस्टबिन में डालें” और “सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करें” जैसे संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे आम जनता को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जा सके।