राहुल गांधी से मिले लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह; यूपी चुनाव 2027 के लिए सीटों और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लोकदल की सीटों के बंटवारे और गठबंधन में उसकी राजनीतिक भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और विपक्षी दलों (इंडिया गठबंधन) के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। चौधरी सुनील सिंह ने गठबंधन के भीतर लोकदल के सम्मान, राजनीतिक पहचान और सम्मानजनक हिस्सेदारी को लेकर अपना मजबूत पक्ष रखा।

मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के ग्रामीण विकास, किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके अलावा, 73वें और 74वें संविधान संशोधन की भावना के अनुरूप पंचायतों और स्थानीय निकायों को उनके वास्तविक संवैधानिक अधिकार दिलाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। लोकदल ने स्पष्ट किया कि आगामी राजनीतिक विमर्श में किसानों और ग्रामीण जनता से जुड़े सवालों को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button