बीबीएयू में ‘युवा संवाद’ का आयोजन: नवाचार और उद्यमिता के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के हिंदी प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित ‘सप्त दिवसीय हिन्दी कार्यशाला’ के अंतर्गत ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के राजभाषा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. बलजीत कुमार श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. श्रीवास्तव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि नवाचार (इनोवेशन) और उद्यमिता (स्टार्टअप) के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाले बनें। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शोधार्थियों के लिए एक संवादात्मक सत्र (क्वेश्चन-आंसर राउंड) भी आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. प्रीति राय, डॉ. संध्या दीक्षित सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button