अनिल कपूर संग पहली बार काम कर गणेश आचार्य बोले, “इस मौके का लंबे समय से इंतजार था”

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : ‘इंडिया के टॉप 1%’ में अभिनेता अनिल कपूर की पहली कव्वाली परफॉर्मेंस इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। जोश और उत्साह से भरपूर एंथम ‘बात खटकी तो जीत पक्की’ को दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। गाने में अनिल कपूर की खास ‘झकास’ ऊर्जा और मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य की सिग्नेचर शैली का आकर्षक मेल देखने को मिलता है।

इस गाने की खास बात यह भी है कि अनिल कपूर और गणेश आचार्य ने पहली बार किसी गाने के लिए साथ काम किया है। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से उत्साहित गणेश आचार्य ने इस अनुभव को खास बताया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से अनिल कपूर के साथ काम करना चाहते थे और उन्हें खुशी है कि स्टार प्लस के ‘इंडिया के टॉप 1%’ के जरिए यह अवसर मिला।

गणेश आचार्य के मुताबिक, ‘बात खटकी तो जीत पक्की’ में भारतीय संस्कृति और जश्न की झलक दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि गाना पहली बार सुनते ही उनके मन में इसकी ऊर्जा और पर्दे पर दिखाई देने वाले उत्सव की तस्वीर बन गई थी। इसी सोच के साथ उन्होंने कव्वाली की कोरियोग्राफी तैयार की।

उन्होंने कहा कि चूंकि यह अनिल कपूर की पहली कव्वाली परफॉर्मेंस थी, इसलिए इसे उनके खास अंदाज और व्यक्तित्व के अनुरूप तैयार किया गया। अनिल कपूर की जबरदस्त ऊर्जा ने कोरियोग्राफी की कल्पना को पर्दे पर और प्रभावशाली बना दिया और पूरे गाने को यादगार जश्न में बदल दिया।

‘इंडिया के टॉप 1%: द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण 19 सितंबर से रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button