
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : कर्वी नगर में स्वयं सेवकों द्वारा सामाजिक समरसता, सादगी एवं सेवा भाव का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। नगर के रेलवे क्रासिंग, नई बाजार देवी मंदिर के समीप ओवर ब्रिज के नीचे प्रातःकाल आयोजित कार्यक्रम में संघ के नगर प्रचारक रमाकांत का जन्म दिन अत्यंत सरल, आत्मीय एवं सार्वजनिक स्वरूप में मनाया गया।
इस अवसर पर अटल शाखा एवं बजरंग शाखा के स्वयं सेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि जन्मदिन समारोह को किसी बंद कक्ष या औपचारिक मंच के स्थान पर खुले सार्वजनिक स्थल पर आयोजित कर समाज को सादगी एवं आत्मीयता का संदेश दिया गया। स्वयं सेवक गण नगर प्रचारक के साथ बैठकर आत्मीय संवाद एवं अल्पाहार के माध्यम से पारिवारिक वातावरण का अनुभव करते दिखाई दिए।
यह आयोजन केवल जन्मदिन की हार्दिक बधाई की शुभकामनाएं परंपरा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता एवं समरसता का जीवंत उदाहरण बन गया। कार्यक्रम के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था में लगे एक सफाई कर्मचारी को उसके दैनिक कार्य से कुछ समय के लिए सम्मानपूर्वक बुलाकर सर्वप्रथम अल्पाहार कराया गया। स्वयं सेवकों के इस व्यवहार ने उपस्थित लोगों का मन जीत लिया तथा सभी ने इसे समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
उपस्थित नागरिकों ने कहा कि आज के समय में जब जन्मदिन समारोह प्रायः आडंबर और प्रदर्शन का माध्यम बनते जा रहे हैं, ऐसे में संघ स्वयं सेवकों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर सादगी, सेवा और सामाजिक समानता के भाव से मनाया गया यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्पद है। लोगों ने इसे संघ शताब्दी वर्ष में स्वयं सेवकों का एक सकारात्मक नवाचार बताते हुए इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि उत्सव केवल व्यक्तिगत प्रसन्नता का माध्यम न होकर समाज में आत्मीयता, समानता, सम्मान और सेवा भावना के प्रसार का अवसर भी होना चाहिए।