बीबीएयू सैटेलाइट सेंटर के विकास की दिशा में एक और उपलब्धि, 24×7 बिजली आपूर्ति हेतु सब स्टेशन स्थापित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने गुरुवार 21 मई 2026 को अमेठी स्थित सैटेलाइट सेंटर में 33/0.4 KVA सब स्टेशन का उद्घाटन किया। यह विश्वविद्यालय के निरंतर विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नवस्थापित सब स्टेशन सैटेलाइट सेंटर में 24×7 विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा तथा परिसर के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ बनाएगा। इस अवसर पर प्रो. राज शरण साही, ओएसडी एवं डॉ. संदीप कुमार नायक, निदेशक भी उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सैटेलाइट सेंटर के समग्र विकास हेतु निरंतर अपना विशेष मार्गदर्शन एवं शुभकामनाएँ प्रदान की हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनेक विकासात्मक पहलें की गई हैं।
इन्हीं पहलों को आगे बढ़ाते हुए माननीय कुलपति द्वारा कई अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया, जिन्हें सैटेलाइट सेंटर के समग्र एवं ऊर्ध्वाधर विकास के लिए शीघ्र प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. मित्तल ने घोषणा की कि सैटेलाइट सेंटर के और अधिक विकास हेतु कई अतिरिक्त आधारभूत संरचना संबंधी कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।

प्रो. राज कुमार मित्तल के पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में सैटेलाइट सेंटर में अनेक उल्लेखनीय विकास कार्य सम्पन्न हुए हैं, जिनमें 20 से अधिक व्याख्यान कक्षों, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यालयों का नवीनीकरण, 60 कंप्यूटर सिस्टम से युक्त कंप्यूटर सेंटर की स्थापना, 62 छात्राओं की क्षमता वाले गर्ल्स हॉस्टल का विकास, निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु 33/0.4 KVA सब स्टेशन की स्थापना, 125 सीटों वाले सभागार का नवीनीकरण तथा अन्य विभिन्न आधारभूत संरचना संबंधी सुधार शामिल हैं।
प्रो. राज शरण शाही ने शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा भविष्य में नए शैक्षणिक कार्यक्रम प्रारंभ करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button