
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : जनपद लखनऊ में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी के कक्षा 8 के छात्र अक्षय शुक्ला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विज्ञान संगोष्ठी में ब्लॉक स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047” रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की संभावनाओं, ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों तथा ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी के छात्र अक्षय शुक्ला ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और विषय की उत्कृष्ट समझ के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और जनपद स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमार सिंह ने छात्र अक्षय शुक्ला को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है।

विद्यालय के विज्ञान शिक्षक श्री नीरज कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में छात्र ने संगोष्ठी की तैयारी की। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने अक्षय शुक्ला को शुभकामनाएं देते हुए उसके आगामी प्रयास के लिए उत्साहवर्धन किया।
अब अक्षय शुक्ला निर्धारित तिथि को आयोजित होने वाली मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में जनपद लखनऊ का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभाग करेगा। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि वह मंडल स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित करेगा।