महिला कांग्रेस की सैंकड़ों पदाधिकारियों एवं कायकर्ताओं ने प्रहलाद जोशी एवं कंगना रनौत का किया पुतला दहन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उ0प्र0 महिला कांग्रेस मध्य की अध्यक्ष श्रीमती ममता चौधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी एवं भाजपा सांसद कंगना रनौत का बुधवार राजधानी लखनऊ के हैदरगंज तिराहे के पास पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन के बाद भारी पुलिस बल द्वारा महिलाओं को गिरफ्तार स्थानीय मिल एरिया पुलिस चैकी ले जाया गया।

श्रीमती ममता चौधरी ने भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा देश की जेन जी बेटियों को गटर छाप कहेे जाने पर इसे देश की महिलाओं, माताओं का अपमान कहा है। आक्रोशित महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने कंगना रनौत का पुतला फूंककर कहा है कि कंगना रनौत देश की बेटियों से माफी मांगे। उन्होने कहा कि कंगना रनौत ने जेन जी बेटियों को देश द्रोही कहा है लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि ये खुद देशद्रोही हैं। हमारी औलादें ही जेन जी हैं। इन्होने हमारे देश की मांओं की कोख को गाली दी है। जिस प्रकार देश की जेन जी बेटियों ने जंतर मंतर पर देश के छात्र-छात्राओं, युवाओं के लिए संघर्ष किया और शिक्षा मंत्री को त्यागपत्र देना पड़ा, ऐसी बेटियों पर घटिया बयान देकर कंगना रनौत ने देश के छात्र, छात्रों और युवाओं को अपमानित किया है।

श्रीमती ममता चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को प्रहलाद जोशी के अलावा कोई दूसरा शिक्षा मंत्री नहीं मिला जिन्होने अभी दो वर्ष पूर्व विलकीश बानो बलात्कार केस के आरोपियों को सपोर्ट किया और बलात्कारियों के जेल से रिहा होने पर कहा कि ये दोषी नहीं हैं। यदि ऐसा शिक्षा मंत्री देश का होगा तो इनकी मानसिकता आसानी से समझा जा सकता है। ऐसे शिक्षा मंत्री को देश कभी बर्दाश्त नहीं कर सकता जो बलात्कारियों को सपोर्ट करता हो।

इस मौके पर प्रमुख रूप से श्रीमती शहाना सिद्दीकी, श्रीमती सुशीला शर्मा, डा0 ऋचा कौशिक, श्रीमती शीला मिश्रा, श्रीमती तनवीर फातिमा, श्रीमती महताब जायसी, श्रीमती उरूसा राना, श्रीमती जीनत परवीन, श्रीमती मीना रावत, नजमी, श्रीमती लता दुबे, श्रीमती पूजा सिंह, बबिता श्रीवास्तव सहित सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

Related Articles

Back to top button