ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी स्थित रेलवे भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण का वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मसूरी : ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी (मसूरी) परिसर एवं उसके आसपास स्थित रेलवे भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास तथा पूर्व में सामने आई इसी प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तर रेलवे मुख्यालय एवं मुरादाबाद मण्डल के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने 23 जुलाई 2026 को स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेलवे भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार के अतिक्रमणों को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विद्यालय के आवासीय परिसर में कक्षा 3 से 12 तक के बड़ी संख्या में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े पहलुओं का भी विशेष रूप से आकलन किया गया।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रेलवे भूमि के भीतर अवैध रूप से पिलर स्थापित कर भूमि की सीमा का अनधिकृत निर्धारण करने का प्रयास किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुँची और अवैध रूप से लगाए गए पिलरों को हटाकर रेलवे भूमि को पुनः अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। रेलवे प्रशासन सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए कानून के अनुरूप आवश्यक सभी कदम आगे भी निरंतर उठाता रहेगा।

इस निरीक्षण में उत्तर रेलवे मुख्यालय तथा मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें अरविंद नौटियाल, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ); सुजीत कुमार मिश्रा, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी; श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, मण्डल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद; अतुल कुमार, मुख्य अभियंता तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button