कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को उपमुख्यमंत्री मौर्य ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को उनके जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि ‘संकल्प दिवस’ केवल जन्मदिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और विकसित भारत के संकल्प को दोहराने का अवसर है। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, सुशासन, सेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। मौर्य ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विपक्षी दलों ने जनता को यह कहकर भ्रमित करने का प्रयास किया कि यदि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आएगी तो संविधान समाप्त कर देगी, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और देश का संविधान पूरी मजबूती के साथ लागू है। आज विपक्ष की नकारात्मक राजनीति और भ्रामक प्रचार को देश की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को देश के विभिन्न राज्यों में लगातार जनता का समर्थन प्राप्त हो रहा है। हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम सहित अनेक राज्यों में भाजपा की मजबूत सरकारें हैं तथा आने वाले समय में भी जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के साथ रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केंद्र और विभिन्न राज्यों में भाजपा के नेतृत्व में विकास की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि आज देश का मतदाता जागरूक है। अगड़े, पिछड़े, दलित, वंचित और समाज के सभी वर्ग कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति तथा उनके दुष्प्रचार को भली-भांति समझ चुके हैं। जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है और किसी भी प्रकार के भ्रम या झूठे प्रचार में आने वाली नहीं है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले छह माह संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाए, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाए तथा प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेकर कार्य करे। विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और समृद्ध परिवारों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यक है।

मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक, पिछड़े, दलित और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत होता जा रहा है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, अनेक जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, संगठनात्मक ऊर्जा और विकसित भारत के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।

Related Articles

Back to top button